पाकुड़। 11वें आयुर्वेद दिवस के प्रचार-प्रसार एवं आमजनों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयुष विभाग, पाकुड़ की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयुष जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 217 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार लाभुकों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।आयुष जांच शिविर पाकुड़ प्रखंड के चन्द्रपाड़ा, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सवालापुर एवं हाथीबथान, अमड़ापाड़ा प्रखंड के मालीपाड़ा तथा पाकुड़िया प्रखंड के पत्थरडांगा एवं मोंगलाबांध में आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर में उपस्थित चिकित्सकों डॉ. अबुतालिब शेख, डॉ. सौरभ विश्वास, डॉ. प्रेम प्रकाश, अफरोज आलम, डॉ. मिथिलेश कुमार, डॉ. संतोष कुमार यादव एवं डॉ. बीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ एवं गठिया रोग सहित बच्चों से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। जांच के उपरांत चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।जिला आयुष पदाधिकारी डॉ. विपिन चंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 23 सितंबर को आयुर्वेद दिवस मनाया जाता है। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर लोगों को आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वस्थ जीवनशैली और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें आयुष जांच शिविर, सेमिनार, रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।उन्होंने कहा कि आयुर्वेद स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों के आयोजन से लोगों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने के साथ-साथ आयुष चिकित्सा पद्धति के बारे में जानकारी भी मिल रही है।शिविरों में पहुंचे ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा वितरण की पहल की सराहना की। अधिकारियों के अनुसार आयुर्वेद दिवस के तहत जिले में आगे भी विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। Post navigation स्वतंत्रता दिवस परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल, डीसी-एसपी ने लिया जायजा नागरमल मोदी सेवा सदन अस्पताल में अब दांतों की बेहतर देखभाल की सुविधा, डॉ. सौम्या सहाय देंगी परामर्श