दुमका। नगर थाना क्षेत्र में डीआईजी कार्यालय के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने संथाल परगना मजदूर मोटर संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष अरुण सिंह को गोली मार दी। अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। गोली लगने के बाद अरुण सिंह को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर कर दिया गया। अरुण सिंह हर दिन की तरह अपने आवास से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डीआईजी कार्यालय के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उन्हें लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। क्षेत्र में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *