अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 90 रनों से करारी शिकस्त देकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतते हुए कुल तीसरी बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की है।फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने विस्फोटक प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं अंतिम ओवरों में शिवम दुबे की तेजतर्रार पारी ने स्कोर को 250 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। कीवी टीम को नियमित अंतराल पर झटके लगते रहे और पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 140 रन ही बना सकी।भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अक्षर पटेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए और न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह से झकझोर दिया।इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखी है। साथ ही भारत अब तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली टीमों की सूची में शामिल हो गया है। इस जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *