रांची रांची में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर में छापेमारी कर पुलिस ने 548 ग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खटाल की आड़ में गांजा की खरीद–फरोख्त कर रहे थे। रांची एसएसपी राकेश रंजन को बीती रात करीब साढ़े नौ बजे गुप्त सूचना मिली कि विद्यानगर स्थित डीएवी स्वर्णरेखा स्कूल के निकट जतरु लॉज के आसपास अवैध मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान एक युवक को गांजा के साथ पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

पहले एक गिरफ्तार, बाद में दूसरा भी पकड़ा गया

मौके से गिरफ्तार युवक की पहचान 19 साल के अखिलेश यादव के रूप में हुई। वह कृष्णा नगर रोड नंबर 01, विद्यानगर का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से 548 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एक रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया है। पूछताछ में अखिलेश ने बताया कि वह अपने साथी विवेक कुमार यादव उर्फ गुड़ी (18 वर्ष) के साथ मिलकर ओडिशा के राउरकेला से गांजा लाकर विद्यानगर और आसपास के इलाकों में ऊंचे दाम पर बेचता था। फरार आरोपी विवेक कुमार यादव को बाद में विद्यानगर इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदीपुर गांव का रहने वाला है और फिलहाल विद्यानगर में किराये के मकान में रह रहा था।

खटाल की आड़ में चल रहा था धंधा

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे खटाल की आड़ में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे थे। इलाके में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *