रांची/खलारी/डकरा ।

डकरा में वर्षों से बंद पड़ा केंद्रीय विद्यालय इस शैक्षणिक सत्र से चालू हो जाएगा। इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय विद्यालय संगठन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। बंद पड़े इस विद्यालय को पुन: चालू करने में रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा है।


निकाली गई अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां नामांकन शुरू होगा। इसके साथ ही कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू होगी। वर्तमान समय में प्रत्येक कक्षाओं का एक-एक सेक्शन रहेगा। फिर भविष्य की जरूरत के अनुसार उसे आगे बढ़ाया जा सकेगा। अन्य प्रक्रियाएं भी शीघ्र पूरी हो जाएंगी। इधर धरातल पर भवन के रंग रोगन का कार्य भी लगभग अंतिम चरण में है। इस बाबत रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि वर्ष 2019 में सांसद बनने के उपरांत इस क्षेत्र के लोगों की पहली मांग यही थी कि यहां वर्षों से बंद पड़े केंद्रीय विद्यालय को चालू किया जाए। मैंने लगातार यह प्रयास किया और उसका सकारात्मक प्रतिफल अब सामने आया है। खलारी और डकार क्षेत्र की जनता ने मुझे जो स्नेह और आशीर्वाद दिया, मुझ पर जो विश्वास जताया; उसे पूर्ण करने के लिए हमेशा से ही प्रयासरत रहा हूं। आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा। क्षेत्र की जनता को दिए गए इस उपहार के लिए संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रति आभार प्रकट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *