हजारीबाग।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार हजारीबाग स्थित ईवीएम वेयरहाउस के त्रैमासिक निरीक्षण में सम्मिलित हुए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, संरचनात्मक व्यवस्था एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की।इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देव प्रिया, जिला अग्निशमन पदाधिकारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप संतोषजनक पाया। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन संसाधनों एवं अभिलेख संधारण की भी समीक्षा की।मौके पर वेयरहाउस में प्रतिनियुक्त सभी 5 सुरक्षा कर्मियों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने एवं समय-समय पर आवश्यक समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया।

मौके पर राजनीतिक दलों में आम आदमी पार्टी से शशि सिंह, बहुजन समाज पार्टी से राजेश उत्तम,भारतीय जनता पार्टी से श्री जयनारायण महता, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया(मा0) से गणेश कुमार सीटू, इंडियन नेशनल कांग्रेस से निसार खान, आजसू से परमेश्वर महतो, आम आदमी पार्टी से शशि कुमार सिंह, झारखण्ड मुक्ति मोर्चा से सुनील कुमार तथा राष्ट्रीय जनता दल से हीरामन यादव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *