नई दिल्ली/रांची, संवाददाता :
रांची के गेतलसूद डैम में ₹500 करोड़ की लागत से बन रहा 100 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगभग तैयार हो चुका है। इस परियोजना के शुरू होने के बाद शहर के करीब एक लाख घरों को निर्बाध (जीरो कट) बिजली आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।
करीब 172 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पावर प्लांट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। यह परियोजना क्षेत्र में बिजली संकट को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इसी संबंध में आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने मंत्री से पावर प्लांट के शीघ्र लोकार्पण का आग्रह किया, जिस पर सहमति प्रदान की गई।
ज्ञात हो कि इस परियोजना के लिए दिसंबर 2021 में प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे महज तीन माह के भीतर मार्च 2022 में स्वीकृति मिल गई थी। इसके बाद तेजी से निर्माण कार्य शुरू हुआ और अब यह अपने पूर्णता की ओर अग्रसर है।
परियोजना के पूर्ण होते ही रांची में बिजली आपूर्ति की स्थिति में बड़ा सुधार होगा और कटौती की समस्या से राहत मिलेगी। इस अवसर पर केंद्रीय स्तर पर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया, साथ ही क्षेत्र की जनता के सहयोग को भी सराहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *