रांची। डाक मंडल द्वारा आर्यभट सभागार में “कार्य योजना समीक्षा बैठक” का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता निदेशक डाक सेवाएं, झारखंड परिमंडल आर. वी.चौधरी द्वारा की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक निदेशक, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस, झारखंड परिमंडल अमित कुमार उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन वरिष्ठ डाकघर अधीक्षक , रांची डाक मंडल बिनोद कुमार पंडित के नेतृत्व में किया गया।बैठक में रांची एवं खूंटी जिलों के सभी शाखा डाकपाल (BPM), सहायक शाखा डाकपाल (ABPM), डाक सहायक, डाकिया, निरीक्षक डाकघर, पोस्टमास्टर एवं समस्त डाक कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय संबोधन में माननीय निदेशक डाक सेवाएं आर. वी. चौधरी ने कहा कि डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) आज भी देश की सबसे भरोसेमंद और सुरक्षित बीमा योजनाओं में शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे रांची एवं खूंटी जिलों में प्रत्येक परिवार तक PLI और RPLI की जानकारी पहुँचाएं, विशेषकर ग्रामीण एवं अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में बीमा सुरक्षा का विस्तार करें।विशिष्ट अतिथि अमित कुमार ने PLI एवं RPLI की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कम प्रीमियम, उच्च बोनस, सरकारी गारंटी एवं सरल दावा निपटान प्रक्रिया इन योजनाओं को अन्य बीमा विकल्पों से अलग बनाती है। उन्होंने लक्ष्य-आधारित कार्य योजना, घर-घर संपर्क अभियान एवं संस्थागत प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को बीमा सुरक्षा से जोड़ने की रणनीति प्रस्तुत की।वरिष्ठ अधीक्षक डाकघर श्री बिनोद कुमार पंडित ने अपने संबोधन में कहा कि रांची डाक मंडल PLI एवं RPLI के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने सभी कर्मियों से टीम भावना के साथ लक्ष्य प्राप्ति हेतु समर्पित प्रयास करने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को माननीय निदेशक डाक सेवाएं द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहा तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प दोहराया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची एवं खूंटी जिलों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर PLI एवं RPLI को अधिकाधिक सरकारी कर्मचारियों, अर्ध-सरकारी संस्थानों, ग्रामीण परिवारों, स्वयं सहायता समूहों एवं युवाओं तक पहुँचाया जाएगा, ताकि प्रत्येक परिवार आर्थिक सुरक्षा के दायरे में आ सके। रांची डाक मंडल का यह आयोजन न केवल कार्य योजना की समीक्षा का मंच बना, बल्कि PLI एवं RPLI को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *